पूर्व मध्य रेल मुख्यालय/हाजीपुर में 01, 03 एवं 04 जुलाई को आयोजित की जाने वाली क्षेत्रीय हिंदी प्रतियोगिताओं का शुभारंभ 01 जुलाई 2025 को हुआ। इसी क्रम में 01 जुलाई 2025 को हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता के लिए पूर्व मध्य रेल के सभी विभागों/मंडलों/कारखानों को पूर्व में ही सूचित किया गया था।
इस प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों/मंडलों/कारखानों के कर्मचारियों ने भाग लिया। हिंदी निबंध प्रतियोगिता हेतु 02 विषय पूर्व में ही निर्धारित किए गए थे। प्रतिभागियों को अपनी इच्छानुसार प्रतियोगिता में किसी एक विषय पर लिखना था:
(i) राजभाषा की गौरवशाली यात्रा – उपलब्धियाँ और भविष्य की दिशा।
(ii) अमृत काल में हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं की परस्पर सहभागिता।
इस प्रतियोगिता में कुल 06 पुरस्कार हैं: प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना के 03 (तीन)। प्रथम पुरस्कार पाने वाले प्रतिभागियों को रेलवे बोर्ड द्वारा अखिल रेल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में पूर्व मध्य रेल की ओर से भेजा जाएगा।
राजभाषा विभाग, पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर की ओर से राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार हेतु विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन समय-समय पर किया जाता है। इससे रेल कर्मचारियों के बीच हिंदी में कार्य करने की प्रवृत्ति बढ़ती है।
01 जुलाई 2025 को आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न मंडलों/कारखानों सहित मुख्यालय के कर्मचारी प्रतिभागी के रूप में उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन उप मुख्य राजभाषा अधिकारी सह उप महाप्रबंधक (सामान्य) श्री संतोष कुमार गुप्ता ने किया।
Source/RSB